Home छत्तीसगढ़ न्योता भोजन से बढ़ा बच्चों का उत्साह, शैक्षणिक प्रतिभा को मिला सम्मान

न्योता भोजन से बढ़ा बच्चों का उत्साह, शैक्षणिक प्रतिभा को मिला सम्मान

1
0

प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना के अंतर्गत कोरिया जिले के शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला दामुज में आयोजित न्योता भोजन कार्यक्रम बच्चों के लिए प्रेरणा और प्रोत्साहन का उत्सव बन गया। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ उनकी शैक्षणिक प्रतिभा को भी सम्मानित किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी श्री जितेन्द्र गुप्ता ने विद्यार्थियों की अध्ययन क्षमता का आकलन करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यार्थियों के अध्ययन स्तर की समीक्षा की। उन्होंने प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों से पाठ्यपुस्तकों का वाचन कराया तथा गणित के पहाड़े पूछकर उनकी सीखने की क्षमता का परीक्षण किया। विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर उपस्थित सभी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

कक्षा चौथी के छात्र विराट तथा कक्षा पांचवीं के छात्र संकल्प तिवारी ने 35 तक के पहाड़े सुनाकर अपनी गणितीय दक्षता का परिचय दिया। वहीं माध्यमिक शाला की कक्षा आठवीं की छात्रा चुलेश्वरी ने 25 तक के पहाड़े सुनाकर सभी को प्रभावित किया। बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रभावित जिला शिक्षा अधिकारी ने उन्हें सम्मानित कर निरंतर मेहनत और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षकों की पहल से मिली शैक्षणिक सामग्री

विद्यालय के शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्राथमिक शाला के शिक्षक मान साय राजवाड़े एवं सुदीप चौबे के सहयोग से विद्यार्थियों को टाई, बेल्ट, कॉपी और पेंसिल वितरित की गई। वहीं माध्यमिक शाला के शिक्षक शैलेश कुमार एवं उमेश कुमार पांडेय के सौजन्य से विद्यार्थियों को पेन एवं कॉपी प्रदान की गई। इस पहल ने विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया।

सामुदायिक सहभागिता का बना प्रेरक उदाहरण

न्योता भोजन कार्यक्रम में अधिकारी, जनप्रतिनिधि, अभिभावक और विद्यार्थी एक साथ बैठकर भोजन किए। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आत्मीयता, सहभागिता और सामाजिक समरसता का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ समाज की सहभागिता भी बच्चों के सर्वांगीण विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला है।

कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद सिंह, सरपंच सुशीला सोनपाकर, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री हेमंत राजवाड़े, लांस नायक श्री महेश मिश्रा सहित अर्जित तिर्की, दिनेश कुमार, बाबूलाल यादव, हरिचंद राजवाड़े, रामदेव, रामधार तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति प्रेरित करना, विद्यालय और समाज के बीच सहयोग एवं सहभागिता को सुदृढ़ बनाना तथा बच्चों में सीखने के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना रहा। उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं।

Previous articleराखी का रिश्ता खास, विष्णु भैया का विश्वास, महतारी वंदन से बहनों को मिला आत्मनिर्भरता का प्रकाश
Next articleसशक्त बहन, खुशहाल परिवार – विष्णु भैया का यही विचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here