Home अन्य जनजातीय समाज का सम्मान, अधिकारों की रक्षा और अंतिम व्यक्ति तक विकास...

जनजातीय समाज का सम्मान, अधिकारों की रक्षा और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता – मंत्री टंक राम वर्मा

8
0

जनजातीय समाज का गौरव, संस्कृति का सम्मान और विकास का संकल्प : दुगली में दिखी जनजातीय गौरव दिवस की भव्यता

पीएम जनमन योजना से जनजातीय बच्चों को मिलेगी बेहतर शिक्षा और आवासीय सुविधा, 50 सीटर बालक छात्रावास भवन के निर्माण कार्य का शुभारंभ

प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों को सौंपी घरों की चाबियां, समाज प्रमुखों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान

36 सड़कों के निर्माण से दूरस्थ जनजातीय गांवों में विकास और आवागमन को मिलेगी नई गति

रायपुर,17 नवंबर 2026/छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के अदम्य साहस एवं बलिदान को समर्पित जनजातीय गौरव दिवस का जिला स्तरीय समारोह धमतरी जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम दुगली में उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। पारंपरिक लोकनृत्यों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जनजातीय परंपराओं की मनमोहक छटा के बीच आयोजित समारोह में जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकारों की रक्षा और सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराया गया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के राजस्व, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा सहित महान जनजातीय जननायकों को नमन करते हुए कहा कि जनजातीय समाज की समृद्ध विरासत हमारी सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय गौरव का अभिन्न हिस्सा है।

मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय अंचलों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य केवल बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना नहीं, बल्कि जनजातीय परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, आजीविका और आत्मनिर्भरता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें विकास की मुख्यधारा में सशक्त भागीदार बनाना है।

भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, स्वाभिमान और अधिकारों के संघर्ष की अमर गाथा

मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर जनसमुदाय को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही जल, जंगल और जमीन की रक्षा, सामाजिक जागरूकता तथा अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का जो अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया, वह सदियों तक देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने समाज को संगठित कर स्वाभिमान, अधिकार और स्वतंत्रता की चेतना जगाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पहल पर प्रतिवर्ष 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती है। यह अवसर जनजातीय समाज के महान योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देने के साथ नई पीढ़ी को अपनी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बना है।

मंत्री श्री वर्मा ने छत्तीसगढ़ के महान जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह और अमर क्रांतिकारी गुंडाधुर सहित अन्य जननायकों के संघर्ष एवं बलिदान का स्मरण करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता और सामाजिक चेतना के निर्माण में जनजातीय समाज का योगदान अविस्मरणीय है।

पीएम जनमन से दूरस्थ अंचलों के जनजातीय बच्चों के सपनों को मिलेंगे नए पंख

समारोह के दौरान मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के अंतर्गत शासकीय हाईस्कूल बाजारकुर्रीडीह में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के विद्यार्थियों के लिए 50 सीटर बालक छात्रावास भवन के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस छात्रावास के निर्माण से दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों के जनजातीय विद्यार्थियों को सुरक्षित आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी। इससे बच्चों को नियमित अध्ययन, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और अपनी प्रतिभा को निखारने के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम है। जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।